Rajendra Devray / Fri, Jul 31, 2026 / Post views : 160
श्रद्धा आपकी, सुरक्षा हमारी: निमाड़ पुलिस का अभिनव प्रयास "कावड़ सुरक्षा कवच", 98 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की सुरक्षा के विशेष इंतजाम
डीआईजी निमाड़ रेंज की पहल, चार जिलों में 235 कावड़ यात्राओं के लिए व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था लागू
खरगोन। पवित्र श्रावण मास में निकलने वाली कावड़ यात्राओं को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से निमाड़ पुलिस ने एक अभिनव पहल करते हुए "कावड़ सुरक्षा कवच" अभियान शुरू किया है। पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) निमाड़ रेंज के निर्देशन में रेंज के चारों जिले—खरगोन, खंडवा, बड़वानी एवं बुरहानपुर—में इस विशेष सुरक्षा व्यवस्था को लागू किया गया है।

इस वर्ष निमाड़ रेंज में कुल 235 छोटी-बड़ी कावड़ यात्राएं आयोजित होंगी, जिनमें लगभग 98,710 श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने यात्रा आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित कर "कावड़ सुरक्षा कवच" कार्ड तैयार किए हैं।

इस विशेष कार्ड में संबंधित यात्रा समिति एवं आयोजकों के संपर्क नंबर, जिला कंट्रोल रूम, स्थानीय पुलिस सहायता केंद्र, मार्ग में स्थित अस्पतालों की जानकारी, यात्रा मार्ग का नक्शा, भोजन, पेयजल एवं विश्राम स्थलों का विवरण उपलब्ध कराया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता मिल सके।

रेंज में कावड़ यात्राओं का विवरण
खरगोन: 100 यात्राएं, लगभग 41,750 श्रद्धालु।
खंडवा: 64 यात्राएं, लगभग 24,715 श्रद्धालु।
बड़वानी: 55 यात्राएं, लगभग 20,865 श्रद्धालु।
बुरहानपुर: 16 यात्राएं, लगभग 11,380 श्रद्धालु।
कुल: 235 यात्राएं, लगभग 98,710 श्रद्धालु।
पुलिस प्रशासन ने यात्रा मार्गों, संवेदनशील स्थानों एवं पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया है। मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने, यातायात डायवर्जन लागू करने तथा अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। यात्रा के दौरान पुलिस की लगातार गश्त एवं निगरानी भी जारी रहेगी।
बड़वानी जिले में विशेष तैयारी
जिला बड़वानी में 24 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में कावड़ यात्रा आयोजकों के साथ समन्वय बैठक आयोजित कर सुरक्षा संबंधी सुझावों पर चर्चा की गई। बड़वानी से ओंकारेश्वर एवं उज्जैन जाने वाली कावड़ यात्राओं के मार्ग पर विशेष पुलिस व्यवस्था एवं अंतर-जिला समन्वय सुनिश्चित किया गया है। स्थानीय स्तर पर निकलने वाली यात्राओं के लिए भी पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात रहेगा।
पुलिस प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि "श्रद्धा आपकी, सुरक्षा हमारी" केवल एक संदेश नहीं, बल्कि निमाड़ पुलिस का संकल्प है। प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में अपनी धार्मिक यात्रा पूर्ण कर सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन