Rajendra Devray / Fri, Jul 31, 2026 / Post views : 287
अंजड़ NEET में बड़वानी जिले में प्रथम स्थान हासिल करने वाली सायमा मंसूरी का किया भव्य सम्मान, डायरेक्ट MBBS में चयन
मंसूरी सुन्नत जमात कमेटी ने किया इस्तकबाल, ₹10 हजार की सम्मान राशि भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं
अंजड़, बड़वानी।

अंजड़ नगर के लिए गर्व और खुशी का अवसर उस समय बना, जब नगर की होनहार बेटी सायमा मंसूरी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में शानदार सफलता प्राप्त करते हुए 700 में से 585 अंक अर्जित किए। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ सायमा ने बड़वानी जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा उनका डायरेक्ट एमबीबीएस (MBBS) में चयन हुआ है।

सायमा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर शुक्रवार को जुम्मे की नमाज के बाद मंसूरी सुन्नत जमात कमेटी, अंजड़ द्वारा उनका भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में समिति के सदर हाजी अयूब मंसूरी, पूर्व सदर हाजी अफजल मंसूरी, मस्जिद कमेटी के पदाधिकारी, मंसूरी समाज के वरिष्ठ बुजुर्ग, समाजजन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

समाज के वरिष्ठजनों ने सायमा का फूल-मालाओं से स्वागत कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने कहा कि सायमा ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा से यह सिद्ध कर दिया है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में सफलता के नए आयाम स्थापित कर सकती हैं।
सम्मान समारोह में मंसूरी सुन्नत जमात कमेटी की ओर से समिति के सदर हाजी अयूब मंसूरी ने सायमा मंसूरी को ₹10,000 की सम्मान राशि (नजराना) भेंट कर उनकी उपलब्धि का सम्मान किया। वहीं समाज के बुजुर्गों ने उनके सिर पर हाथ रखकर दुआएं दीं और उनके उज्ज्वल चिकित्सकीय जीवन की कामना की।
इस अवसर पर मुस्लिम समाज के मीडिया प्रभारी शकील मंसूरी सहित समिति के सभी सदस्य एवं समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सायमा मंसूरी की इस सफलता ने न केवल मंसूरी समाज बल्कि पूरे अंजड़ नगर और बड़वानी जिले का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र की छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बनकर यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन