Rajendra Devray / Thu, May 28, 2026 / Post views : 248
"एक सूर्य, एक पृथ्वी, एक नरेंद्र मोदी" - 12 साल अनवरत विकास के साथ-सुरेंद्र शर्मा
प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर बड़वानी भाजपा की जिला कार्यशाला सम्पन्न, 5 से 21 जून तक चलेगा महाभियान
बड़वानी:- भारतीय जनता पार्टी जिला बड़वानी द्वारा गुरुवार को जुलवानिया के समीप ग्राम बाजड स्थित गोरे कृषि फार्म में जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया।


कार्यशाला का मुख्य विषय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष "विश्वास, विकास एवं जनकल्याण" के पूर्ण होने पर आगामी 5 से 21 जून तक चलने वाले महाभियान की रूपरेखा तय करना रहा।
जिला मीडिया प्रभारी सुनील भावसार ने बताया कि अतिथियो द्वारा कार्यशाला का शुभारंभ भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

"गुजरात से दिल्ली तक, विकास का पर्याय बने मोदी" - सुरेंद्र शर्मा
मुख्य अतिथि संभाग संगठन प्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने कहा, "आकाश में एक ही सूर्य है जो रोज़ बिना थके पूरी धरती को रोशनी देता है। हमारी इस दुनिया में एक ही पृथ्वी है जो सबका पालन करती है। आज भारत के विकास की कहानी में भी एक ही नाम बार-बार आता है - नरेंद्र मोदी। एक सूर्य, एक पृथ्वी, एक नरेंद्र मोदी को चरितार्थ करता दिखाई दे रहा है।"

उन्होंने कहा कि 12 साल गुजरात के मुख्यमंत्री और अब 12 साल प्रधानमंत्री के रूप में मोदी का दो दशक से ज्यादा का सफर "अनवरत विकास" का पर्याय बन गया है। गुजरात मॉडल ने दिखाया कि सुशासन से क्या हो सकता है। वही मॉडल जब दिल्ली पहुंचा तो देश ने देखा - डिजिटल इंडिया से गांव-गांव तक इंटरनेट, मेक इन इंडिया से फैक्ट्रियों की गूंज, उज्ज्वला से माताओं के चेहरों पर धुएं से मुक्त मुस्कान और G20 की अध्यक्षता से दुनिया में भारत का बढ़ता कद।
शर्मा ने कहा कि धारा 370 का हटना, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण, नए संसद भवन का निर्माण, कोरोना में वैक्सीन मैत्री या चांद पर चंद्रयान - हर फैसला बताता है कि विकास रुकता नहीं। एक सूर्य पूरी सृष्टि को ऊर्जा देता है, एक पृथ्वी सबको जगह देती है, और एक नेतृत्व जब संकल्प के साथ चलता है तो पूरे राष्ट्र को नई दिशा मिलती है।
5 से 21 जून तक महाभियान, 7 बड़े कार्यक्रम
जिला अध्यक्ष अजय यादव ने महाभियान की रूपरेखा रखते हुए बताया कि पीएम मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जिले भर में 5 से 21 जून तक विशेष कार्यक्रम होंगे। इसके लिए अलग-अलग कार्यक्रमों के प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला-मंडल स्तर पर पौधरोपण, 8 से 14 जून तक विशेष जनसम्पर्क अभियान के तहत घर-घर संपर्क कर सरकार की योजनाओं की जानकारी, 11 से 12 जून तक मीडिया संवाद के माध्यम से केंद्र सरकार की 12 साल की उपलब्धियां बताई जाएंगी, 12 से 18 जून तक जन कल्याण शिविरों का आयोजन व मोदी सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी, 15 से 18 जून तक विभिन्न सभागार बैठकों का आयोजन, 19 से 20 जून तक प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने हेतु कार्यशालाएं तथा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बूथ स्तर तक सामूहिक योग कार्यक्रम
आयोजनों को जमीनी स्तर पर उतारें - विधायक बरडे
पानसेमल विधायक श्याम बरडे ने मोदी सरकार के 12 साल के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए सभी कार्यकर्ताओं से आयोजनों को बूथ स्तर तक ले जाने का आवाहन किया।
महाभियान के जिला संयोजक रविन्द्र कुलकर्णी ने आगामी कार्यक्रमों की विस्तार से रूपरेखा साझा की।
ये रहे मंचासीन
कार्यशाला में पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेम सिंह पटेल, पूर्व सांसद सुभाष पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंत सिंह पटेल, पूर्व विधायक चंद्रभागा किराड़े, भाजपा नेता अंतर सिंह पटेल, पूर्व जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश खण्डेलवाल, ओमप्रकाश सोनी व कमलनयन इंगले, वीरेंद्र सिंह दरबार, लोकेंद्र शुक्ला, महामन्त्री भागीरथ कुशवाह व सचिन चौहान मंचासीन रहे।
जिला मीडिया प्रभारी सुनील भावसार ने बताया कि कार्यशाला दोपहर 12 बजे शुरू हुई। कार्यक्रम का संचालन जिला महामन्त्री भागीरथ कुशवाह ने किया व आभार प्रदर्शन सविता खरते ने किया। इस अवसर पर जिले के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, सभी मण्डल अध्यक्ष, मोर्चों के जिला अध्यक्ष सहित अपेक्षित श्रेणी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन