Rajendra Devray / Mon, Sep 1, 2025 / Post views : 37
धार जिले के सरदारपुर तहसील के ग्राम धुलेट से एक मामला सामने आया जहां 5वीं क्लास में पढ़ने वाले मासूम छात्र हर्ष सिंदड़ा का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में छात्र राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 47 इंदौर-अहमदाबाद पर बने सर्विस रोड पर भरे पानी की गंभीर समस्या को उठा रहा है।
दरअसल, फोरलेन के साथ बनाए गए इस सर्विस रोड का लंबे समय से मेंटेनेंस नहीं किया गया, जिसके चलते हालात बद से बदतर हो गए हैं। जगह-जगह पानी भरने से ग्रामीणों का जीवन मुश्किल हो गया है। खासकर स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्विस रोड पर पानी निकासी के लिए नाला बनाया गया था, लेकिन मिट्टी भर जाने से वह ब्लॉक हो गया। इसके चलते घरों के सामने तक पानी भर गया है, जिससे लोगों का आना-जाना कठिन हो गया है।
इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने सरदारपुर एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा है।
वहीं वायरल वीडियो में मासूम छात्र ने संबंधित अधिकारियों को सीधे चेतावनी दी है कि अगर समस्या का निराकरण 8 दिन में नहीं किया गया तो,केस ठोक दूंगा और ज़रूरत पड़ने पर पुलिस को बुलाऊंगा ।
यह वीडियो न केवल चर्चा का विषय बना है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि अब ग्रामीण और बच्चे भी अपने अधिकारों के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से आवाज़ बुलंद कर रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन