जीएम बीज के विरोध में भारतीय किसान संघ का बड़ा कदम।
लोकसभा सांसद कार्यालय पहुंच कर दिया ज्ञापन
बड़वानी: भारतीय किसान संघ, जिला बड़वानी ने आज जीएम (जेनेटिकली मॉडिफाइड) बीजों के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए लोकसभा सांसद श्री गजेंद्र सिंह पटेल के निज सहायक पाटिल को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन जिला अध्यक्ष भगवान पटेल, जिला मंत्री कमल तोमर सहित किसानों की उपस्थिति में दिया गया।
किसान संघ ने जीएम बीजों को लेकर गंभीर आपत्ति जताई और बताया कि हाईकोर्ट ने सरकार को निर्देश दिया है कि किसानों के साथ विचार-विमर्श के लिए एक समिति का गठन किया जाए और इन बीजों के उपयोग पर रोक लगाई जाए। किसानों ने जोर देकर कहा कि केंद्र सरकार को इस मुद्दे पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक उच्च-स्तरीय समिति बनानी चाहिए।
किसानों ने मांग की कि आगामी संसदीय शीतकालीन सत्र में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाए। ज्ञापन में कहा गया कि जीएम बीज न केवल कृषि को नुकसान पहुंचा रहे हैं बल्कि किसानों की आजीविका और पर्यावरण पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
भारतीय किसान संघ ने सांसद से अपील की कि वे इस गंभीर विषय को संसद में जोरदार तरीके से उठाएं और केंद्र सरकार को किसानों के हित में निर्णायक कदम उठाने के लिए प्रेरित करें।
सांसद ने दिया आश्वासन:
लोकसभा सांसद श्री गजेंद्र सिंह पटेल ने फोन पर किसान संघ के पदाधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि वह किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा, "ज्ञापन का अध्ययन किया जाएगा और इस विषय को संसद में उठाना हमारा कर्तव्य है। किसानों की समस्याओं का समाधान करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।