Rajendra Devray / Fri, Oct 30, 2026 / Post views : 168
-
नालछा में आबादी क्षेत्र के पट्टों की निशुल्क रजिस्ट्री शुरू, 661 में से 171 रजिस्ट्री पूर्ण
नालछा ग्राम पंचायत में कैंप में कार्य प्रारंभ
मध्यप्रदेश शासन की योजना से पट्टेधारियों में उत्साह, स्वामित्व योजना से मिलेगा मालिकाना हक
नालछा। मध्यप्रदेश शासन द्वारा राजस्व विभाग के अंतर्गत आबादी क्षेत्र में दिए गए पट्टों की निशुल्क रजिस्ट्री का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत ग्राम पंचायत नालछा के पटवारी हल्का नंबर 164 में कुल 661 पट्टों का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से आज दिनांक तक 171 रजिस्ट्रियां की जा चुकी हैं।
ग्राम पंचायत नालछा में ड्रोन कैमरे के सर्वे के आधार पर आबादी सर्वे नंबर 711, 712, 713, 716, 773, 779, 834 आदि पर यह निशुल्क रजिस्ट्री कैंप लगाकर की जा रही है।
प्रतिदिन 40 से 50 रजिस्ट्री
पटवारी राहुल चतुर्वेदी ने बताया कि कैंप में प्रतिदिन 40 से 50 रजिस्ट्रियां की जा रही हैं। तकनीकी कारणों से कभी संख्या कम-ज्यादा हो सकती है। कई रजिस्ट्रियों में त्रुटि पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति से आवेदन लेकर तहसील कार्यालय में जमा किया जा रहा है, जिसका सुधार कलेक्टर महोदय द्वारा किया जाएगा। जैसे कई जगह आधार कार्ड में पति की जगह पिता का नाम लिखा होना, ऐसी त्रुटियों में आवेदन पर सुधार किया जा रहा है।
योजना को लेकर लोगों में भारी उत्साह है कि पट्टे की प्रॉपर्टी अब उनके नाम से हो जाएगी और उन्हें स्वामित्व का अधिकार मिल जाएगा।

ग्राम पंचायत
लुनेरा और कुंडा में लगभग कार्य पूर्ण
नालछा टप्पा तहसील के नायब तहसीलदार आशीष राठौड़ द्वारा बताया गया कि
ग्राम पंचायत लुनेरा में 129 का लक्ष्य था, जिसका 99 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, वहीं ग्राम कुंडा में 5 का लक्ष्य था, जो पूर्ण कर लिया गया है।
अविवादित प्रकरणों का निराकरण कर दिया गया है
यह कार्यवाही 25 अक्टूबर से प्रारंभ होकर नवंबर माह तक चलाई जाएगी। यदि कुछ अभ्यर्थी शेष रह जाते हैं और शासन द्वारा तिथि बढ़ाई जाती है तो शेष कार्य भी पूर्ण कर दिया जाएगा। त्रुटिपूर्ण विवादित प्रकरणों को निराकरण हेतु अनुविभागीय अधिकारी के माध्यम से कलेक्टर महोदय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। जहां निराकरणकिया जा सकेगा
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन