Rajendra Devray / Sat, Oct 17, 2026 / Post views : 176
101 जोड़ों ने की मां जगदंबा की महाआरती, 56 भोग अर्पित कर मांगी सुख-समृद्धि की कामना
नालछा में नवरात्रि की धूम, गरबों की खनक से भक्तिमय हुआ वातावरण
नालछा। नगर में शारदीय नवरात्रि पर्व का उत्साह चरम पर है। चारों ओर गरबों की धूम मची हुई है। डांडियों की खनक, माता रानी के जयकारों और धार्मिक आयोजनों से पूरा नगर भक्तिमय हो गया है।

नवरात्रि के छठे दिन कुशवाहा समाज गरबा मंडल द्वारा कुशवाहा चौपाटी पर विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। इसमें 101 जोड़ों ने एक साथ मां जगदंबा की महाआरती कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छी बारिश की कामना की। इस अवसर पर माता रानी को छप्पन भोग अर्पित किए गए। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को महाप्रसादी का वितरण किया गया। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

गरबों की आकर्षक प्रस्तुतियां मोह रहीं मन
नगर में नवरात्रि के अवसर पर धार्मिक उत्साह देखते ही बन रहा है। देर रात तक चलने वाली गरबों की रंगारंग प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं का मन मोह रही हैं। पारंपरिक गरबों की धुन पर थिरकते युवक-युवतियों और माता रानी की आराधना में लीन श्रद्धालुओं से आयोजन स्थलों पर रौनक बनी हुई है।

नगर के विभिन्न स्थानों पर गरबों की धूम
नालछा नगर में कालिंका मंदिर, राजवाड़ा चौक, कुशवाहा चौपाटी, कुमार मंडी, द्वारकाधीश मंदिर, आजाद मार्ग, शिव मंदिर, अंबेडकर कॉलोनी और जाट मोहल्ला सहित विभिन्न स्थानों पर गरबा मंडलों द्वारा उत्साह के साथ आकर्षक प्रस्तुतियां दी जा रही हैं।
नवरात्रि पर्व के दौरान नगर में धार्मिक आस्था, उल्लास और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।
रिपोर्ट - कांतिलाल शर्मा, नालछा
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन