: धार ओलंपियाड परीक्षा ; निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं मिली कई केंद्रों पर बच्चों को भोजन नहीं मिला, डीपीसी ने बीआरसी ,जनशिक्षकों को नोटिस जारी करने के दिए निर्देश
Rajendra Devray
/
Wed, Dec 25, 2024
/
Post views : 40
धार ओलंपियाड परीक्षा ; निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं मिली कई केंद्रों पर बच्चों को भोजन नहीं मिला,
डीपीसी ने बीआरसी ,जनशिक्षकों को नोटिस जारी करने के दिए निर्देश
धार /बाग राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार प्राथमिक से मिडिल स्तर के बच्चों की तार्किक क्षमता बढ़ाने के लिए मंगलवार को ओलंपियाड परीक्षाओं का आयोजन किया गया । परीक्षा में बच्चों को लाने ले जाने और भोजन करवाने की व्यवस्था शासन स्तर से की जाने के निर्देश थे । बाग ब्लॉक में कई परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा में भाग लेने वाले बच्चों को भोजन उपलब्ध नहीं हुआ वही परीक्षा के प्रबंधन में कई गड़बड़ियां देखने को मिली । परीक्षाओं के आयोजन को देखने के लिए धार डी पी सी ने भ्रमण किया ।निरीक्षण के दौरान डीपीसी को कुछ स्कूलों पर प्राचार्य नहीं मिले , कुछ परीक्षा केंद्रों पर बच्चों को भोजन नहीं करवाने की शिकायतें मिली। ओलंपियाड जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं के आयोजन के सही प्रबंधन की मुख्य जिम्मेदार बीआरसी की गैर जिम्मेदारी पर नाराजगी प्रकट करते हुए डीपीसी ने बाग के बीआरसी और जनशिक्षकों को नोटिस जारी करने के निर्देश देते हुए कड़ी कार्रवाई की बात कही है ।
*डीपीसी के निरीक्षण से गैरजिम्मेदारी उजागर हुई*
राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देश पर कक्षा दूसरी से आठवीं तक के बच्चों में तार्किक क्षमता का विकास करने के लिए महत्वपूर्ण ओलंपियाड परीक्षा का आज जनपद शिक्षा केन्द्र के मार्गदर्शन में आयोजन हुआ।ओलंपियाड परीक्षा में भाग लेने वाले बच्चों को शासन के निर्देश अनुरूप सुविधाओं और परीक्षा प्रबंधन के निरीक्षण के लिए जिला परियोजना समन्वयक प्रदीप खरे ने जिलेभर में अपनी टीम के साथ मॉनिटरिंग की।निरीक्षण के दौरान घोर लापरवाहियों को देख डीपीसी ने सख्त नाराजगी प्रकट की
*कहीं प्राचार्य नदारद ,कई केंद्रों पर बच्चों को भोजन नहीं मिला*
शासन के निर्देशानुसार परीक्षा में भाग लेने वाले बच्चों को लाने ले जाने और परीक्षा के बाद भोजन करवाने की राशि दी गई थी।बाग ब्लॉक के 7 संकुलों में 3174 बच्चों ने भागीदारी की। ओलंपियाड परीक्षा के समुचित प्रबंधन की जिम्मेदारी बाग बीआरसी को दी गई थी।डीपीसी प्रदीपखरे ने बताया कि निरीक्षण के दौरान टांडा में संकुल प्राचार्य डीएस करोलिया नदारद रहे । परीक्षा निर्धारित समय पर प्रारंभ नहीं हो सकी जबकि भोजन के लिए स्व सहायता समूह को निर्देश दिए गए ।आगर संकुल में परीक्षा में भाग लेने वाले बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था
नहीं की गई । डीपीसी ने आगर के संकुल प्राचार्य राजाराम निंगवाल को निर्देश दिए कि बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था की जाए । इसी प्रकार संकुल केंद्र नरवाली में भी बच्चों को भोजन नहीं मिलने की शिकायतें मिली है। ओलंपियाड परीक्षाओं में मिली घोर अव्यवस्थाओं , लापरवाहियों को लेकर डीसी प्रदीप खरे ने जमकर नाराजगी प्रकट करते हुए बाग की बीआरसी ललिता जैन और निर्देशों का पालन नहीं करने वाले जनशिक्षकों के खिलाफ नोटिस जारी करने और कड़ी कार्रवाई की बात कही ।
*बीआरसी के अकुशल प्रबंधन से चरमराई शिक्षण व्यवस्था*
एकलव्य ग्रामीण सामाजिक संस्था के प्रमुख मदन काबरा ने कहा कि बाग की बीआरसी के अपने मातहत कर्मचारी जनशिक्षकों पर कोई भी नियंत्रण नहीं होने के चलते शिक्षा क्षेत्र में बाग ब्लॉक धार जिले में फिसड्डी बना हुआ है । परीक्षा में भाग लेने वाले बच्चों को भोजन की शासन द्वारा राशि दिए जाने के बावजूद उनके मुंह का निवाला छीना जा रहा है। बीआरसी के मुख्यालय पर नहीं रहने से आदिवासी बहुल बाग ब्लॉक में शैक्षिक प्रबंधन बुरी तरह गड़बड़ा गया है। ग्रामीण क्षेत्र की स्कूलों में दोपहर 1:00 बजे बाद ताले लगे हुए देखे जाते हैं।
ओलंपियाड परीक्षा में शासन की निर्देशों की असलियत उजागर होने के मामले में बाग बीआरसी ललिता जैन ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार परीक्षा में बच्चों को लाने ले जाने भोजन की व्यवस्था संबंधी निर्देश सभी जन शिक्षकों को और संकुल प्रभारियों को दिए थे । उन्होंने पालन नहीं किया तो मैं क्या कर सकती हूं। जिन केंद्रों पर समुचित व्यवस्था नहीं हुई उन्हें नोटिस जारी किए जाएंगे।
जिला परियोजना समन्वयक प्रदीप खरे ने ओलंपियाड परीक्षाओं का निरीक्षण किया